मोहनलाल बनेंगे 'ऑपरेशन गंगा' का हिस्सा, रूस-यूक्रेन युद्ध पर आधारित फिल्म का फर्स्ट लुक जारी
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की अगली फिल्म का नाम और फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। यह फिल्म रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत सरकार द्वारा चलाए गए बचाव अभियान 'ऑपरेशन गंगा' पर आधारित होगी…
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की अगली फिल्म का नाम और फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। यह फिल्म रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत सरकार द्वारा चलाए गए बचाव अभियान 'ऑपरेशन गंगा' पर आधारित होगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म का आधिकारिक टाइटल भी यही रखा गया है।
यह फिल्म एक हाई-ऑक्टेन सर्वाइवल थ्रिलर ड्रामा होगी, जो यूक्रेन में फंसे हजारों भारतीय छात्रों और नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने की कहानी बयां करेगी। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक विष्णु मोहन इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्देशन कर रहे हैं, जो इससे पहले भक्ति ब्लॉकबस्टर 'मेप्पाडियन' के लिए जाने जाते हैं।
दमदार स्टारकास्ट और तकनीकी टीम
फिल्म में मोहनलाल के साथ बॉलीवुड के कई जाने-माने चेहरे भी नज़र आएंगे। इनमें अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोरसे, पार्थिबन और आदिल हुसैन जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म की शूटिंग फिलहाल जॉर्जिया में चल रही है और इसे मोहनलाल के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
'श्री गोकुलम मूवीज' के बैनर तले बन रही इस फिल्म की तकनीकी टीम भी काफी मजबूत है। फिल्म के एक्शन सीन 'धुरंधर' और 'किल' फेम सी यंग ओह कोरियोग्राफ करेंगे। वहीं, 'पुष्पा' सीरीज के सिनेमैटोग्राफर मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक इसके कैमरा वर्क को संभाल रहे हैं। फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव तैयार कर रहे हैं। इसके निर्माता गोकुलम गोपालन हैं।
इनपुट: IANS


