अभिनेता मुश्ताक खान के जनाजे से क्यों दूर रहे बड़े सितारे? रज़ा मुराद ने उठाए कड़वे सवाल
दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है, लेकिन उनके अंतिम संस्कार में कई बड़े सितारों की गैर-मौजूदगी ने एक नई बहस छेड़ दी है। इस पर जाने-माने अभिनेता रज़ा मुराद ने…
दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है, लेकिन उनके अंतिम संस्कार में कई बड़े सितारों की गैर-मौजूदगी ने एक नई बहस छेड़ दी है। इस पर जाने-माने अभिनेता रज़ा मुराद ने अपनी गहरी नाराज़गी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उन बड़े सितारों पर निशाना साधा, जो अपने 50 साल इंडस्ट्री को देने वाले सहयोगी को आखिरी विदाई देने भी नहीं पहुंचे।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के नानावटी अस्पताल में मुश्ताक खान ने आखिरी सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में कई टीवी और फिल्म कलाकार तो शामिल हुए, लेकिन इंडस्ट्री के नामी-गिरामी चेहरे नदारद रहे।
'उद्योगपति की शादी में वेटर बन जाते'
रज़ा मुराद ने अपने वीडियो में कहा, "मुझे अफसोस इस बात का है कि ऐसे मौके पर कोई भी स्टार, जिन्हें हम हीरो कहते हैं, वो मुश्ताक खान को आखिरी सलाम तक देने नहीं आए।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी उद्योगपति की शादी होती, तो यही सितारे वहां न सिर्फ़ शिरकत करते, बल्कि मेहमानों को वेटर की तरह खाना भी परोसते।
उन्होंने आगे कहा, "जब कोई पॉलिटिकल पार्टी अपना डंडा दिखाती है तो ये वहां पर भीगी बिल्ली की तरह पहुंच जाते हैं, लेकिन उस शख्स के जनाजे पर वह शामिल नहीं हुए, जिसने अपने 50 साल इस इंडस्ट्री को दे दिए।"
'शोहरत हमेशा नहीं रहती'
रज़ा मुराद ने मुश्ताक खान को एक स्वाभिमानी कलाकार बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से नाम कमाया और कभी किसी की 'दलाली' या 'चम्चागिरी' नहीं की। उन्होंने बड़े सितारों को नसीहत देते हुए कहा, "ये मत भूलिए कि आज जो आपका चेहरा है, कल ये मुरझा जाएगा... अगर कोई चीज आपके काम आएगी, तो आपका अच्छा व्यवहार और कुछ नहीं।"
उन्होंने सितारों को याद दिलाया, "ये शोहरत, दौलत और इज्जत हमेशा नहीं रहेगी। शोहरत की बुलंदी भी एक पल का तमाशा है, जिस शाख पर बैठे हो वो टूट भी सकती है, ये बात याद रखना।"
इनपुट: IANS


