BBL 16: मेलबर्न रेनेगेड्स ने बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल किया, जेसन बेहरेनडॉर्फ की लेंगे जगह
बांग्लादेश के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान अब ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्तफिजुर लीग के…
बांग्लादेश के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान अब ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्तफिजुर लीग के आगामी 16वें सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। उन्हें टीम में चोटिल जेसन बेहरेनडॉर्फ के विकल्प के तौर पर शामिल किया गया है, जो कंधे की सर्जरी के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं।
31 वर्षीय मुस्तफिजुर अपनी घातक स्विंग और सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं। वह बीबीएल में खेलने वाले बांग्लादेश के तीसरे खिलाड़ी बनेंगे। उनसे पहले शाकिब अल हसन इस लीग में हिस्सा ले चुके हैं, जबकि इसी सीजन में रिशाद हुसैन होबार्ट हरिकेंस के लिए खेलेंगे।
मैच विनर हैं मुस्तफिजुर: कोच ल्यूक रोंची
मेलबर्न रेनेगेड्स के हेड कोच ल्यूक रोंची ने मुस्तफिजुर के टीम में शामिल होने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, "मुस्तफिजुर पूरी दुनिया में टी20 क्रिकेट में एक मैच-विनर हैं। पावरप्ले और डेथ ओवरों में विकेट लेने की उनकी क्षमता ठीक वैसी ही है जैसी हम अपने अटैक में चाहते थे।"
रोंची ने आगे कहा, "बीबीएल के दर्शकों को ऐसा खिलाड़ी पसंद आता है जो एक ही ओवर में गेम बदल सके और मुस्तफिजुर ऐसा ही कर सकते हैं। हर गेंद में कुछ खास करने की क्षमता होती है। हमारे फैंस उन्हें गर्मियों में धमाल मचाते हुए देखना पसंद करेंगे।"
T20 क्रिकेट का लंबा अनुभव
मुस्तफिजुर के पास दुनियाभर की टी20 लीग में खेलने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने अब तक कुल 331 लीग और अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में 423 विकेट चटकाए हैं। उनके करियर में नौ बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) अभियान और आठ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन शामिल हैं। वह 2016 में अपने पहले ही आईपीएल सीजन में खिताब जीतने वाली सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा थे।
अपने बीबीएल डेब्यू को लेकर उत्साहित मुस्तफिजुर ने कहा, "मैं मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ पहली बार बीबीएल में खेलने का इंतजार कर रहा हूं। एमसीजी में अपने होम ग्राउंड के तौर पर खेलना खास होगा और मैं अपने साथियों के साथ जुड़ने और अपना अनुभव टीम में लाने के लिए उत्साहित हूं।" हालांकि, वह आईएलटी 20 में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ रेनेगेड्स के पहले मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे, लेकिन बाकी टूर्नामेंट के लिए टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
इनपुट: IANS


