इंग्लैंड दौरे पर PCB के फैसलों से भड़के मोहम्मद यूसुफ, कहा- 'यह अंदरूनी कलह का नतीजा है, प्रदर्शन का नहीं'
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने इंग्लैंड दौरे के बीच में ही टीम में बड़े बदलाव करने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के फैसले की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह कदम टीम के प्रदर्शन…
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने इंग्लैंड दौरे के बीच में ही टीम में बड़े बदलाव करने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के फैसले की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह कदम टीम के प्रदर्शन से ज्यादा अंदरूनी कलह, मतभेद और विवादों के पुराने पैटर्न को दिखाता है, जिसने हमेशा से पाकिस्तानी क्रिकेट को नुकसान पहुँचाया है।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यूसुफ ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "अधिकारियों का मौजूदा दौरे से खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को वापस बुलाने का हालिया फैसला सिर्फ प्रदर्शन से जुड़ा नहीं लगता है। हम जहीर अब्बास, जावेद मियांदाद, इंजमाम-उल-हक, या सईद अनवर जैसे महान खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के तौर पर नहीं भेज रहे हैं।"
श्रृंखला के बीच में बड़े बदलाव
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ने के बाद PCB ने एक कड़ा फैसला लिया। लॉर्ड्स में मिली 194 रनों की करारी हार के बाद बोर्ड ने सात खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के दो सदस्यों को तीसरे टेस्ट से पहले ही घर वापस भेज दिया। जिन खिलाड़ियों को वापस भेजा गया है उनमें विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद अवैस जफर और खुर्रम शहजाद शामिल हैं। इसके अलावा टेस्ट हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया है। बर्मिंघम में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए माइक हेसन और एश्ले नोफ्के टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मैदान पर फोकस करने की सलाह
पाकिस्तान के लिए 90 टेस्ट में 7,500 से ज्यादा रन बनाने वाले यूसुफ ने चेतावनी दी कि मैदान के बाहर की लगातार उथल-पुथल से टीम की प्रगति और फैंस के भरोसे को और नुकसान पहुँचेगा। उन्होंने 1992 विश्व कप जीत के बाद से टीम में अस्थिरता के बार-बार लौटने का भी जिक्र किया।
यूसुफ ने कहा, "सबक साफ है। सिर्फ मजबूत प्रदर्शन और लगातार सकारात्मक परिणाम ही माहौल ठीक कर सकते हैं। अगर पाकिस्तान क्रिकेट को अपनी क्षमता वापस लानी है और फैंस के बीच आत्मविश्वास जगाना है, तो उसे बोर्डरूम पर नहीं, बल्कि मैदान पर फोकस करना चाहिए। सफलता सबसे असरदार दवा है।"
पाकिस्तान ने हेडिंग्ले में पहला टेस्ट एक पारी और 103 रन से गंवाया था, जबकि लॉर्ड्स में उसे 194 रनों से हार का सामना करना पड़ा। श्रृंखला का तीसरा और आखिरी टेस्ट 9 सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाएगा।
इनपुट: IANS


