US ओपन: कार्लोस अल्काराज से भिड़ने को तैयार जैमे फारिया, पुर्तगाल के लिए इतिहास रचने का है इरादा
पुर्तगाल के 23 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी जैमे फारिया ने यूएस ओपन में अमेरिकी खिलाड़ी जेन्सन ब्रूक्सबी के खिलाफ पांच सेटों का मैराथन मुकाबला जीतकर अपने करियर में एक बड़ी छलांग लगाई है। अब बुधवार को दूसरे…
पुर्तगाल के 23 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी जैमे फारिया ने यूएस ओपन में अमेरिकी खिलाड़ी जेन्सन ब्रूक्सबी के खिलाफ पांच सेटों का मैराथन मुकाबला जीतकर अपने करियर में एक बड़ी छलांग लगाई है। अब बुधवार को दूसरे दौर में उनका सामना मौजूदा चैंपियन और दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज से होगा। यह जीत न सिर्फ फारिया के लिए व्यक्तिगत रूप से अहम है, बल्कि यह उन्हें पुर्तगाल के चुनिंदा टेनिस खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल करती है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस रोमांचक जीत के साथ ही फारिया सभी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में मेन-ड्रॉ मैच जीतने वाले तीसरे पुर्तगाली पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल जोआओ सूसा और नूनो बोर्जेस ने हासिल की थी। यह फारिया की किसी हार्ड-कोर्ट मेजर टूर्नामेंट में पहली मेन-ड्रॉ जीत भी है।
“मैं इतिहास बनाना चाहता हूं”
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बात करते हुए फारिया ने कहा, "हां, यह मेरे पुर्तगाल और मेरी टीम के लिए बहुत बड़ी बात है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं आगे बढ़ते रहना चाहता हूं, क्योंकि मुझे पता है कि मैं युवा हूं और बड़ी चीजें हासिल कर सकता हूं। पुर्तगाल में टेनिस का कोई बड़ा कल्चर नहीं है, इसलिए मैं बस इतिहास बनाना चाहता हूं, लेकिन साथ ही अपनी प्रक्रिया को जारी रखना चाहता हूं।"
अल्काराज के खिलाफ बड़ी चुनौती
फारिया और स्पेन के कार्लोस अल्काराज के बीच यह पहला एटीपी मुकाबला होगा। अल्काराज भी शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने हाल ही में कलाई की चोट से वापसी की है। सोमवार को अपने पहले दौर के मैच में उन्होंने रोमन सफियुलिन को सीधे सेटों में हराकर अपने खिताब बचाने के अभियान की दमदार शुरुआत की थी। फारिया इस बड़ी चुनौती से वाकिफ हैं और जानते हैं कि मौजूदा चैंपियन के खिलाफ उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
इनपुट: IANS


