रांची में आंदोलनरत छात्रों से फिर मिले पीयूष मिश्रा, कहा- उम्मीद है सरकार कोई रास्ता निकालेगी
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी रहा। इसी बीच, जाने-माने अभिनेता और थिएटर कलाकार पीयूष मिश्रा ने रविवार को एक बार फिर रांची…
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी रहा। इसी बीच, जाने-माने अभिनेता और थिएटर कलाकार पीयूष मिश्रा ने रविवार को एक बार फिर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मिश्रा ने उम्मीद जताई कि सरकार और छात्रों के बीच चल रहा यह विवाद जल्द ही सुलझ जाएगा।
छात्रों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में पीयूष मिश्रा ने कहा, "मुझे आप सबके साथ यहां आकर बहुत अच्छा लगा। मैं सबसे मिला और बहुत मजा आया, इसीलिए मैं आज फिर आया हूं।" उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार दोपहर उनकी एक बैठक है, जिसमें इस मुद्दे को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जाएगी।
सरकार की मजबूरियां और छात्रों की मांगें
पीयूष मिश्रा ने सरकार के पक्ष का जिक्र करते हुए कहा, "सरकार को भी राज्य चलाना है और उसके सामने अपनी मजबूरियां और संभावनाएं हैं। इसलिए आशा करता हूं कि सरकार छात्रों की मांगों पर कोई रास्ता निकालेगी।" उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना पूरे मामले को प्रभावित कर सकती है, इसलिए आंदोलन को शांतिपूर्ण रखना जरूरी है।
यह दूसरी बार है जब मिश्रा ने इन छात्रों से मुलाकात की है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया पर छात्रों के इंटरव्यू देखकर उनकी आंखों का दर्द उन्हें रांची खींच लाया और उनका यहां आने का कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है।
क्यों हो रहा है प्रदर्शन?
दरअसल, झारखंड में छात्र संगठन भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी, पेपर लीक और अन्य कथित अनियमितताओं को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करना, कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराना और परीक्षा व्यवस्था में सुधार करना शामिल है। कुछ संगठन इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराने की भी मांग कर रहे हैं।
इस दौरान मिश्रा ने प्रदर्शन स्थल पर अपनी फिल्म 'गुलाल' का मशहूर गीत 'आरंभ है प्रचंड' भी गाया, जिसमें छात्रों ने भी उनका साथ दिया और माहौल में नया जोश भर गया। वहीं, सरकार की पांच सदस्यीय समिति ने शनिवार को छात्र प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी, लेकिन अभी तक सभी मांगों पर सहमति नहीं बन पाई है।
इनपुट: IANS


