सनी देओल की फ़िल्म 'सूर्या' पर विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने रिलीज़ पर रोक लगाने से किया इनकार
अभिनेता सनी देओल की आने वाली फ़िल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' की रिलीज़ को लेकर उठे विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने दखल देने से इनकार कर दिया है। डॉक्टरों के एक वर्ग ने फ़िल्म के टीज़र और ट्रेलर पर…
अभिनेता सनी देओल की आने वाली फ़िल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' की रिलीज़ को लेकर उठे विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने दखल देने से इनकार कर दिया है। डॉक्टरों के एक वर्ग ने फ़िल्म के टीज़र और ट्रेलर पर आपत्ति जताते हुए इसकी रिलीज़ पर रोक लगाने के लिए एक जनहित याचिका दायर की थी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अदालत ने याचिका पर विचार करने का कोई कारण न पाते हुए फ़िल्म की रिलीज़ को रोकने का आदेश देने से मना कर दिया।
हालांकि, हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को अपनी शिकायत केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के सामने रखने की स्वतंत्रता दी है। याचिका में आरोप लगाया गया था कि फ़िल्म के कुछ दृश्य डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के ख़िलाफ़ हिंसा को बढ़ावा दे सकते हैं और उनकी छवि को नुक़सान पहुँचा सकते हैं।
क्या है पूरा मामला?
याचिकाकर्ता डॉ. नचिकेत भाटिया ने IANS से बातचीत में अपनी चिंताएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि फ़िल्म के टीज़र में सनी देओल को डॉक्टरों और हेल्थकेयर स्टाफ़ को बुरी तरह मारते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा एक डायलॉग पर भी आपत्ति जताई गई है, जिसमें कहा गया है- 'डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन नहीं, कमीशन लिखते हैं'। याचिकाकर्ताओं का मानना है कि इस तरह के चित्रण से मरीज़ों और डॉक्टरों के बीच भरोसे का रिश्ता कमज़ोर पड़ सकता है।
याचिका में इस बात पर भी चिंता व्यक्त की गई कि टीज़र में कहानी को 'अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं' से प्रेरित बताया गया है, जिससे दर्शक इसे वास्तविक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़कर देख सकते हैं। इसी आधार पर फ़िल्म और इसके प्रोमोशनल कंटेंट की जांच कर आपत्तिजनक हिस्सों में बदलाव करने और कहानी को काल्पनिक बताने की मांग की गई थी।
फ़िल्म के बारे में
एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' में सनी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह फ़िल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए निर्धारित है।
इनपुट: IANS


