बेटे टाइगर पर फायरिंग के बाद पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखे जैकी श्रॉफ, पूनम ढिल्लों ने दी प्रतिक्रिया
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के कुछ दिनों बाद, उनके पिता जैकी श्रॉफ पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नज़र आए। वह मुंबई में दिवंगत संगीतकार बप्पी लहरी के सम्मान में आयोजित एक…
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के कुछ दिनों बाद, उनके पिता जैकी श्रॉफ पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नज़र आए। वह मुंबई में दिवंगत संगीतकार बप्पी लहरी के सम्मान में आयोजित एक समारोह में शामिल हुए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस कार्यक्रम में जुहू के एक मार्ग का नामकरण 'बप्पी लहरी मार्ग' किया गया, जहाँ संगीतकार 45 साल तक रहे थे।
जैकी श्रॉफ के अलावा इस समारोह में सुनील शेट्टी, गुलशन ग्रोवर, शरद केलकर और पूनम ढिल्लों जैसी कई हस्तियां भी मौजूद थीं। यह 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद जैकी श्रॉफ की पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। उस दिन जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने टाइगर की कार पर गोलियां चलाई थीं।
टाइगर पर हमले को बताया चौंकाने वाला
कार्यक्रम में मौजूद अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने टाइगर श्रॉफ पर हमले को बेहद चौंकाने वाला बताया, क्योंकि वह हमेशा विवादों से दूर रहते हैं। उन्होंने IANS से बातचीत में कहा, "पहला रिएक्शन वाकई चौंकाने वाला था, क्योंकि टाइगर एक ऐसा बच्चा है, जो विवादों से दूर रहता है। वह न कभी गलत बोलता है, न ही करता है, और मुझे लगता है कि गलत करने के बारे में कभी उसने सोचा भी नहीं होगा।"
पूनम ने आगे कहा, "उनके ऊपर फायरिंग होना बहुत चौंका देने वाला था। हालांकि, अच्छी बात यह है कि वह अब ठीक हैं और उनके साथ जिन्हें भी चोट लगी है, उनके लिए हम प्रार्थना करते हैं कि वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।"
बचपन से जानती हैं टाइगर को
पूनम ढिल्लों ने बताया कि वह टाइगर श्रॉफ और उनकी मां की करीबी दोस्त हैं और उन्हें बचपन से जानती हैं। उन्होंने टाइगर को एक सम्मानजनक लड़का बताते हुए कहा, "टाइगर के पापा बहुत धार्मिक हैं और उसकी मां बहुत अच्छी इंसान और मेरी खास मित्र हैं। उनके पहले जन्मदिन पर मैं शामिल भी हुई थी। मुझे पता है कि वो कितना रिस्पेक्टफुल लड़का है... टाइगर, खुशहाल और सही सलामत बने रहें। अपने माता-पिता का नाम और रोशन करें।"
इनपुट: IANS


