इंग्लैंड ने श्रीलंका को वनडे सीरीज में दी मात, टॉम बैंटन के तूफानी शतक से 2-1 से जीती सीरीज
टॉम बैंटन के शानदार शतक और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने श्रीलंका को वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 223 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
टॉम बैंटन के शानदार शतक और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने श्रीलंका को वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 223 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, केनिंग्टन ओवल में रविवार को मिली इस जबरदस्त जीत के साथ ही मेजबान इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। इससे पहले इंग्लैंड ने T20 सीरीज में श्रीलंका को 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।
वनडे सीरीज का पहला मैच इंग्लैंड ने 89 रनों से जीता था, लेकिन श्रीलंका ने दूसरा मैच 16 रनों से जीतकर सीरीज में रोमांचक वापसी की थी। हालांकि, निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।
बैंटन और ब्रूक की दमदार साझेदारी
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 355 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और बेन डकेट (0) सिर्फ 6 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद टॉम बैंटन ने पहले जो रूट (18) के साथ 62 रन और फिर कप्तान हैरी ब्रूक के साथ तीसरे विकेट के लिए 117 गेंदों पर 150 रनों की तूफानी साझेदारी की।
बैंटन ने 105 गेंदों पर 16 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 126 रनों की यादगार पारी खेली। वहीं, कप्तान ब्रूक ने 66 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। अंत में जॉर्डन कॉक्स ने भी 52 गेंदों पर 76 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को 350 के पार पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडों ने 3 और सचिनदु कोलम्बेज ने 2 विकेट लिए।
श्रीलंकाई बल्लेबाजी हुई ढेर
356 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम 29.1 ओवर में महज 132 रनों पर सिमट गई। कप्तान कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। उनके अलावा जनित लियानागे (19) और पवन रत्नायके (18) ही कुछ देर टिक सके। इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि गस एटकिंसन को 2 सफलताएं मिलीं।
इनपुट: IANS


