यूएस ओपन 2026: इनामी राशि में ऐतिहासिक उछाल, जानें चैंपियन और पहले दौर में हारने वाले को कितने करोड़ मिलेंगे
टेनिस की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में से एक, यूएस ओपन 2026, खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि में 20 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की गई…
टेनिस की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में से एक, यूएस ओपन 2026, खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि में 20 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह अब 108 मिलियन डॉलर तक पहुँच गई है। इस ऐतिहासिक वृद्धि का मतलब है कि न सिर्फ विजेता बल्कि शुरुआती दौर में बाहर होने वाले खिलाड़ियों को भी पहले से कहीं ज़्यादा बड़ी रक़म मिलेगी।
यूनाइटेड स्टेट्स टेनिस एसोसिएशन (USTA) ने टूर्नामेंट से ठीक पहले एक बयान में इस बड़े बदलाव की घोषणा की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, USTA के सीईओ क्रेग टिली ने इसे खेल के भविष्य के लिए एक ज़रूरी क़दम बताया। उन्होंने कहा, "यह एथलीटों में कई सालों के निवेश में एक अहम पहला कदम है क्योंकि यूएस ओपन खिलाड़ियों के लिए सबसे अच्छा आर्थिक मौका और खिलाड़ियों, फैंस और पार्टनर्स के लिए टेनिस में सबसे कीमती प्लेटफॉर्म बना हुआ है।"
किसको कितनी इनामी राशि?
इस नई इनामी राशि की संरचना के तहत, एकल (Singles) खिताब जीतने वाले चैंपियन को 52.65 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि मिलेगी। वहीं, फाइनल में हारने वाले उपविजेता को भी 26.80 करोड़ रुपये (2.8 मिलियन डॉलर) दिए जाएँगे। टूर्नामेंट के अलग-अलग चरणों में पहुँचने वाले खिलाड़ियों की कमाई भी काफ़ी बढ़ गई है:
- सेमीफाइनल: लगभग 13.88 करोड़ रुपये (1.45 मिलियन डॉलर)
- क्वार्टर फाइनल: लगभग 7.46 करोड़ रुपये (780,000 डॉलर)
- पहला दौर: पहले ही मैच में हारने वाले खिलाड़ी को भी लगभग 1.34 करोड़ रुपये (140,000 डॉलर) मिलेंगे।
डबल्स और व्हीलचेयर मुकाबलों की इनामी राशि
पुरुष, महिला और मिक्स्ड डबल्स के विजेता खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से लगभग 9.57 करोड़ रुपये दिए जाएँगे। उपविजेता टीमों को क़रीब 5 लाख मिलियन डॉलर मिलेंगे। इसके अलावा, व्हीलचेयर सिंगल्स के चैंपियंस को लगभग 99 लाख रुपये (1,04,000 डॉलर) की इनामी राशि दी जाएगी।
चोट के बाद अल्काराज की वापसी पर नज़रें
यह टूर्नामेंट, जो 23 अगस्त से शुरू होकर 13 सितंबर को पुरुष फाइनल के साथ समाप्त होगा, एक और वजह से रोमांचक होने वाला है। पूर्व चैंपियन कार्लोस अल्काराज चोट के कारण लगभग चार महीने तक पेशेवर टेनिस से दूर रहने के बाद अपना खिताब बचाने के लिए कोर्ट पर उतरेंगे। उन्हें अप्रैल में बार्सिलोना ओपन के दौरान कलाई में चोट लगी थी, जिसके चलते वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन जैसे बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
इनपुट: IANS


