यू मुंबा टीटी ने जीता UTT जूनियर्स का पहला खिताब, अहोन रे और सोमदेव सेनगुप्ता बने जीत के हीरो
गोवा में खेले गए यूटीटी जूनियर्स के फाइनल में यू मुंबा टीटी ने अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम के स्टार खिलाड़ी अहोन रे और सोमदेव सेनगुप्ता के शानदार प्रदर्शन की बदौलत, यू मुंबा ने दबंग…
गोवा में खेले गए यूटीटी जूनियर्स के फाइनल में यू मुंबा टीटी ने अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम के स्टार खिलाड़ी अहोन रे और सोमदेव सेनगुप्ता के शानदार प्रदर्शन की बदौलत, यू मुंबा ने दबंग दिल्ली टीटीसी को 5-2 के अंतर से मात दी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पिछले साल रनर-अप रही यू मुंबा ने इस बार कोई कसर नहीं छोड़ी और ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
यह खिताबी मुकाबला रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ। टीम की जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई अहोन रे और सोमदेव सेनगुप्ता ने, जिन्होंने अपने-अपने मुकाबलों में दमदार खेल दिखाया। सोमदेव ने हिमोन मंडल के खिलाफ 2-1 (11-5, 11-10, 8-11) से जीत दर्ज कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
अहोन और सोमदेव का दमदार प्रदर्शन
इसके बाद अहोन रे के साथ मिलकर सोमदेव ने मिक्स्ड डबल्स का मुकाबला भी तीन गेम के संघर्ष के बाद (11-9, 11-7, 9-11) जीता। इन शुरुआती जीतों ने यू मुंबा को मजबूत बढ़त दिला दी। निर्णायक गर्ल्स सिंगल्स मैच में अहोन ने श्रीजानी चक्रवर्ती को सीधे 11-4 से हराकर टीम की जीत पक्की कर दी। हाल ही में डब्ल्यूटीटी यूथ स्टार कंटेंडर दोहा 2026 में अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीतकर गोवा पहुंचीं अहोन ने अपनी फॉर्म बरकरार रखी।
जीत के बाद अहोन रे ने कहा, "खिताब जीतना बहुत रोमांचक है। यह पूरी टीम की कोशिश थी और सोमदेव, हमारे कोच और पूरे सपोर्ट स्टाफ के बिना यह मुमकिन नहीं होता।" उन्होंने बताया कि कोच ने उन्हें पिछले साल के नतीजे की याद दिलाते हुए बिना दबाव के अपना स्वाभाविक खेल खेलने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों ने टीम को दिया श्रेय
सोमदेव सेनगुप्ता ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं सच में बहुत खुश हूं। यूटीटी जूनियर्स में खेलना हमेशा से एक सपना था और खिताब जीतना इसे और भी खास बनाता है।" उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच, सपोर्ट स्टाफ और सीनियर खिलाड़ियों को दिया, जिन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल के दौरान टीम का हौसला बढ़ाया।
इनपुट: IANS


