श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू का कहर: 5 रन देकर 7 विकेट, हैट्रिक के साथ इंडोनेशिया को रौंदा
श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने विमेंस एशिया कप 2026 में गेंद से ऐसा कमाल दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बुधवार को इंडोनेशिया के खिलाफ हुए मुकाबले में उन्होंने मात्र 5 रन देकर 7 विकेट…
श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने विमेंस एशिया कप 2026 में गेंद से ऐसा कमाल दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बुधवार को इंडोनेशिया के खिलाफ हुए मुकाबले में उन्होंने मात्र 5 रन देकर 7 विकेट चटकाए, जिसमें एक सनसनीखेज हैट्रिक भी शामिल थी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अट्टापट्टू के इस अविश्वसनीय प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने इंडोनेशिया को 75 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में 125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडोनेशियाई टीम अट्टापट्टू की गेंदबाजी के सामने बिखर गई और 18.3 ओवरों में सिर्फ 49 रन पर ढेर हो गई। हालांकि इंडोनेशिया की शुरुआत ठीक-ठाक रही और पहले विकेट के लिए मारिया कोराजोन (6) और रहमावती पंगेस्तुती (10) ने 18 रन जोड़े। लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही विकेटों की झड़ी लग गई।
बल्लेबाजी में संघर्ष के बाद गेंदबाजी में पलटवार
इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 62 रन पर ही अपने 6 विकेट खो दिए थे। कप्तान अट्टापट्टू खुद बल्ले से कुछ खास नहीं कर सकीं और 13 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। ऐसे मुश्किल समय में निलाक्षिका सिल्वा ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 35 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 50 रन बनाए और काव्या काविंदी (नाबाद 15) के साथ सातवें विकेट के लिए 50 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसी साझेदारी की बदौलत श्रीलंका 20 ओवरों में 7 विकेट पर 124 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर सका। इंडोनेशिया के लिए नी लुह देवी ने 3 और सांग मेप्रियानी ने 2 विकेट लिए।
कप्तान अट्टापट्टू की यादगार हैट्रिक
लक्ष्य का बचाव करते हुए अट्टापट्टू ने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। उन्होंने 3.3 ओवरों के अपने स्पेल में यह ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इंडोनेशिया की पारी के 19वें ओवर में उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। ओवर की पहली गेंद पर नी कादेक अरियानी (2) को बोल्ड किया, अगली गेंद पर सांग मेप्रियानी (0) को LBW आउट किया और तीसरी गेंद पर लक्ष्मी परिमिता (0) को भी LBW कर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा काव्या काविंदी, सुगंधिका कुमारी और कविशा दिलहारी को एक-एक विकेट मिला।
इनपुट: IANS


