DPL 2026: फाइनल से पहले आखिरी गेंद तक चले रोमांच में स्ट्राइकर्स ने सुपरस्टार्स को 2 रन से हराया
महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को सिर्फ 2 रनों से हरा दिया। यह जीत आखिरी गेंद तक चले तनावपूर्ण मैच में मिली…
महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को सिर्फ 2 रनों से हरा दिया। यह जीत आखिरी गेंद तक चले तनावपूर्ण मैच में मिली। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मंगलवार को हुए इस लीग मैच के बाद अब यही दोनों टीमें बुधवार को फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने सिर्फ 12 रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खो दिया था। लेकिन इसके बाद कप्तान आयुषी सोनी ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा और पारी को बिखरने से बचाया।
कप्तान आयुषी की पारी ने संभाला
कप्तान आयुषी सोनी ने 55 गेंदों पर सात चौकों की मदद से नाबाद 62 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें समायरा राघव का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 26 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए। अंत में अर्चना ने सिर्फ 14 गेंदों पर 21 रनों की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 5 विकेट पर 126 रन तक पहुँचाया। साउथ दिल्ली की ओर से रूपाली विश्व मोहन ने 23 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि मयूरी सिंह, तनिषा सिंह और एकता भड़ाना को एक-एक सफलता मिली।
आखिरी ओवर में गेंदबाजों ने दिखाया दम
127 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम कभी भी बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। हालांकि, प्रिया पुनिया (31 रन), तनीषा सिंह (24 रन) और कप्तान श्वेता सहरावत (20 रन) ने छोटी लेकिन उपयोगी पारियाँ खेलीं।
मैच आखिरी ओवरों में बराबरी पर था, लेकिन नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट चटकाकर दबाव बनाए रखा। अनुशासित गेंदबाजी के दम पर स्ट्राइकर्स ने सुपरस्टार्स को 7 विकेट पर 124 रनों पर रोक दिया। नॉर्थ दिल्ली के लिए अर्चना ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा रेशिका बेनीवाल, अपेक्षा आनंद और नजमा ने एक-एक विकेट लिया।
इनपुट: IANS


