जूनियर एशिया कप हॉकी: जापान पर भारत की 7-0 से धमाकेदार जीत, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
जापान के मोकी में चल रहे 2026 विमेंस जूनियर एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। अपने तीसरे पूल मैच में भारत ने मंगलवार को जापान को 7-0 के विशाल अंतर से रौंदकर क्वार्टर…
जापान के मोकी में चल रहे 2026 विमेंस जूनियर एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। अपने तीसरे पूल मैच में भारत ने मंगलवार को जापान को 7-0 के विशाल अंतर से रौंदकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस जीत के साथ भारत अपने एलीट पूल में लगातार तीन जीत दर्ज कर 9 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है।
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और जापान पर पूरी तरह हावी रही। खेल के पांचवें मिनट में ही कृष्णा शर्मा ने गोल कर भारत का खाता खोल दिया। इसके तुरंत बाद, नौवें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को सुप्रिया ने गोल में बदलकर बढ़त को 2-0 कर दिया। पहले क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले 14वें मिनट में पूर्णिमा यादव ने एक और फील्ड गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में गोलों की बरसात
पहले हाफ तक 3-0 से आगे चल रही भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में अपने हमले और तेज कर दिए। जापानी टीम के वापसी के प्रयासों को नाकाम करते हुए भारत ने सिर्फ पांच मिनट के भीतर तीन गोल दाग दिए। गीता यादव ने 41वें और 45वें मिनट में दो गोल किए, जबकि पूर्णिमा यादव ने 46वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत को 6-0 की अजेय बढ़त दिला दी।
अंतिम क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा। 50वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने टीम के लिए सातवां गोल किया और जापान की करारी हार सुनिश्चित कर दी। अपने पिछले मुकाबलों में भारत ने कोरिया को 4-1 और मलेशिया को 11-1 से हराया था। अब पूल स्टेज के अपने आखिरी मैच में बुधवार को भारत का सामना चीन से होगा, जिससे ग्रुप के टॉपर का फैसला होगा।
इनपुट: IANS


