प्रो गोल्फ टूर: बेंगलुरु में रिद्धिमा दिलावरी खिताब से एक कदम दूर, 3 शॉट की मजबूत बढ़त
बेंगलुरु में चल रहे विमेंस प्रो गोल्फ टूर (WPGT) 2026 के 12वें लेग में गोल्फर रिद्धिमा दिलावरी ने खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे राउंड के बाद…
बेंगलुरु में चल रहे विमेंस प्रो गोल्फ टूर (WPGT) 2026 के 12वें लेग में गोल्फर रिद्धिमा दिलावरी ने खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे राउंड के बाद रिद्धिमा ने अपनी 3-शॉट की बढ़त कायम रखी है और अब वह इस सीजन में अपनी चौथी जीत दर्ज करने से सिर्फ एक राउंड दूर हैं।
गुरुवार को प्रेस्टीज गोल्फशायर में खेले गए मुकाबले में रिद्धिमा ने 71 का स्कोर किया। पहले राउंड में 67 के शानदार प्रदर्शन के साथ उनका कुल स्कोर 36 होल्स के बाद 6-अंडर 138 है। दूसरे राउंड में उन्होंने पहले आठ होल्स में तीन बर्डी लगाकर शानदार शुरुआत की, लेकिन 14वें और 15वें होल पर लगातार बोगी से उनकी गति थोड़ी धीमी पड़ी।
कौन हैं खिताब की दौड़ में?
खिताबी दौड़ में रिद्धिमा को तीन खिलाड़ी कड़ी टक्कर दे रहे हैं। अनुभवी नेहा त्रिपाठी, हीना कांग और मन्नत बरार 3-अंडर 141 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। हीना कांग ने दिन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए छह बर्डी की मदद से 68 का स्कोर बनाया, जो गुरुवार का सबसे कम राउंड स्कोर था।
वहीं, नेहा त्रिपाठी (72-69) ने भी शानदार वापसी की। शुरुआती नौ होल्स में दो बोगी करने के बाद उन्होंने दूसरे हाफ में पांच बर्डी लगाईं, जिसमें 11वें से 13वें होल तक बर्डी की हैट्रिक भी शामिल थी। युवा स्टार मन्नत बरार ने उतार-चढ़ाव भरे खेल के बाद 71 का स्कोर किया।
अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन
हालिया विजेता विधात्री उर्स ने दिन की तूफानी शुरुआत की और पांचवें होल पर ईगल की बदौलत पहले पांच होल्स में 4-अंडर पर थीं। हालांकि, बाद में डबल बोगी और तीन बोगी के कारण वह 72 का स्कोर कर सकीं और अकेले पांचवें स्थान पर रहीं। जाह्नवी प्रख्या और एमेच्योर कीर्तना राजीव संयुक्त छठे, जबकि अन्वी दहिया आठवें स्थान पर हैं। अनुभवी वाणी कपूर और अमनदीप ड्राल संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर चल रही हैं।
टूर्नामेंट में 153 के स्कोर पर कट लगा, जिसके बाद 32 खिलाड़ियों ने फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई किया। रिया जादोन जैसी प्रमुख खिलाड़ी कट से चूक गईं। अब अंतिम राउंड में रिद्धिमा, नेहा और हीना कांग लीडर ग्रुप में मुकाबला करेंगी।
इनपुट: IANS


