WTC फाइनल 2027: लगातार दूसरी बार ओवल में होगी टेस्ट क्रिकेट के बादशाह की ताजपोशी
टेस्ट क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा खिताब, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल 2027 में एक बार फिर लंदन के ऐतिहासिक ओवल मैदान पर खेला जाएगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने…
टेस्ट क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा खिताब, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल 2027 में एक बार फिर लंदन के ऐतिहासिक ओवल मैदान पर खेला जाएगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने खिताबी मुकाबले की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है, जो 9 से 13 जून के बीच निर्धारित की गई हैं। यह लगातार दूसरा मौका होगा जब ओवल इस प्रतिष्ठित मैच की मेजबानी करेगा।
इससे पहले 2023 में भी इसी मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों से जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की थी। 2027 का यह आयोजन WTC के चौथे संस्करण का समापन करेगा और टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने के जश्न के साथ और भी खास हो जाएगा।
टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का इतिहास
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के शुरुआती तीनों संस्करण इंग्लैंड के अलग-अलग मैदानों पर ही आयोजित हुए हैं। न्यूजीलैंड ने 2021 में साउथम्पटन में भारत को 8 विकेट से हराकर पहला खिताब जीता था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया 2023 में चैंपियन बनी। वहीं, 2025 का फाइनल लॉर्ड्स में खेला गया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से मात दी थी। आईसीसी की सालाना कॉन्फ्रेंस के दौरान इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) को 2027, 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी का अधिकार मिला था।
मौजूदा WTC रैंकिंग की स्थिति
फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 87.50 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इनके बाद न्यूजीलैंड (72.22%), बांग्लादेश (58.33%) और भारत (48.15%) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।
ECB के एक वरिष्ठ अधिकारी, नील स्नोबॉल ने कहा, "हमें इंग्लैंड और वेल्स में अगले तीन आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल आयोजित करने का सम्मान मिला है। 'द ओवल' में 2023 का फाइनल फैंस के बीच बहुत लोकप्रिय रहा था और मुझे भरोसा है कि अगले साल का इवेंट भी बहुत खास होगा।"
इनपुट: IANS


