वर्ल्ड चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी की आसान जीत, लक्ष्य सेन की चौंकाने वाली हार के बाद तीसरे दौर में अकेले भारतीय
नई दिल्ली में चल रही BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरे दौर में अपनी जगह बना ली है। बुधवार को हुए एकतरफा मुकाबले में उन्होंने श्रीलंका…
नई दिल्ली में चल रही BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरे दौर में अपनी जगह बना ली है। बुधवार को हुए एकतरफा मुकाबले में उन्होंने श्रीलंका के डुमिंडू अबेविक्रमा को सिर्फ 26 मिनट में 21-8, 21-10 से करारी शिकस्त दी। यह जीत भारत के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि अब आयुष ही पुरुष एकल वर्ग में देश के एकमात्र बचे हुए खिलाड़ी हैं।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मैच के बाद आयुष ने इसे 'काफी आसान जीत' बताया। उन्होंने कहा, "मैं अच्छा खेल रहा था। इस जीत के बाद आगे बढ़ने से खुश हूं।" इस मुकाबले से पहले आयुष ने वर्ल्ड नंबर 1 शी यू क्यूई को हराकर सनसनी फैला दी थी, लेकिन वह उस बड़ी जीत को भुलाकर इस नए मैच पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। उन्होंने बताया, "यह एक नया राउंड है, यहां एक नया विरोधी है... इसलिए मैं अच्छी तरह से तैयार था।"
पुरुष एकल में भारत की एकमात्र उम्मीद
लक्ष्य सेन की चौंकाने वाली हार के बाद आयुष पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। 14वीं वरीयता प्राप्त और 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन को अमेरिका के गैरेट टैन के हाथों 73 मिनट के कड़े मुकाबले में 19-21, 21-19, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, आयुष अपने साथी खिलाड़ी की हार से खुद पर कोई अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "लक्ष्य की हार दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मैं दूसरे मुकाबलों के नतीजों के बारे में सोचने के बजाय ज्यादा फोकस करूंगा।" आयुष ने आगे कहा कि पुरुष एकल में प्रतिस्पर्धा बहुत कड़ी है और कोई भी खिलाड़ी अपने दिन किसी को भी हरा सकता है, इसलिए वह हर मैच को एक मुश्किल मुकाबले की तरह देखेंगे और पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।
इनपुट: IANS


