वेस्टइंडीज़ के लिए जोमेल वार्रिकान का यादगार प्रदर्शन, चोटिल कप्तान की गैरमौजूदगी में झटके 6 विकेट
पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज़ भले ही मुश्किल में नज़र आ रही हो, लेकिन उसके स्पिनर जोमेल वार्रिकान ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। नियमित कप्तान रोस्टन चेज़ के चोटिल होने…
पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज़ भले ही मुश्किल में नज़र आ रही हो, लेकिन उसके स्पिनर जोमेल वार्रिकान ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। नियमित कप्तान रोस्टन चेज़ के चोटिल होने के बाद गेंदबाज़ी का मोर्चा संभालते हुए वार्रिकान ने पहली पारी में छह विकेट हासिल किए, जिसे उन्होंने अपने करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन बताया है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चेज़ अपनी उंगली में चोट के कारण सिर्फ 7 ओवर ही फेंक सके थे। ऐसे में वार्रिकान ने ज़िम्मेदारी उठाते हुए 46 ओवर का लंबा स्पेल डाला और 112 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जिससे पाकिस्तान को बड़ी बढ़त बनाने से रोकने में मदद मिली। तीसरे दिन के खेल के बाद उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह शायद ऐसा प्रदर्शन है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा, क्योंकि टीम मुश्किल स्थिति में थी और कप्तान अपनी उंगली की चोट से जूझ रहे थे। मुझे टीम की मदद के लिए कड़ी मेहनत करने और वे सभी अतिरिक्त ओवर फेंकने की जिम्मेदारी लेनी पड़ी।"
घरेलू मैदान पर सपना हुआ पूरा
यह टेस्ट क्रिकेट में वार्रिकान का तीसरा 'फाइव-विकेट हॉल' (एक पारी में पांच विकेट) है, लेकिन घरेलू मैदान पर यह उनका पहला ऐसा कारनामा है। इस उपलब्धि पर खुशी ज़ाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से घरेलू मैदान पर पांच विकेट लेना चाहता था। यह ऐसी चीज है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा... मैं हमेशा ड्रेसिंग रूम में बैठकर खुद को 5 विकेट लेते हुए पुराने क्लिप में देखना चाहता था, और इस मैच में ऐसा हुआ, इसलिए मैं वास्तव में बहुत खुश हूं।"
मैच में वेस्टइंडीज़ की हालत पतली
हालांकि, वार्रिकान के शानदार प्रदर्शन के बावजूद कैरेबियाई टीम मैच में पिछड़ रही है। दूसरी पारी में टीम ने सिर्फ 103 रनों पर अपने छह विकेट गंवा दिए हैं और उसकी कुल बढ़त महज़ 60 रनों की है। पाकिस्तान के स्पिनर साजिद खान ने 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ी क्रम को बिखेर दिया। अब टीम की उम्मीदें जस्टिन ग्रीव्स पर टिकी हैं। वार्रिकान ने उम्मीद जताई कि टीम चौथे दिन 150 से 175 रनों का लक्ष्य देने की कोशिश करेगी ताकि मैच में बने रहा जा सके।
इनपुट: IANS


