ज़िम्बाब्वे के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का धमाल, 16 साल से पहले ही T20I में जड़े दो अर्धशतक
महज़ 15 साल और 121 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। रविवार को ज़िम्बाब्वे के खिलाफ शानदार पारी खेलते हुए उन्होंने अपना दूसरा T20I…
महज़ 15 साल और 121 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। रविवार को ज़िम्बाब्वे के खिलाफ शानदार पारी खेलते हुए उन्होंने अपना दूसरा T20I अर्धशतक जड़ा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वह 16 साल की उम्र से पहले दो बार यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जारी T20 सीरीज़ के तीसरे मैच में वैभव ने 49 गेंदों पर 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इसी के साथ उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड और बेहतर किया। बता दें कि वैभव T20I में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं, यह कारनामा उन्होंने इसी सीरीज़ के पहले मैच में 15 साल और 118 दिन की उम्र में किया था, जब उन्होंने 19 गेंदों में 50 रन बनाए थे।
भारत की पारी को दी मज़बूती
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा महज़ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव ने पारी को संभाला।
उन्होंने पहले ईशान किशन (29 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 75 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (27 रन) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 29 गेंदों पर 50 रन जोड़े। अंत में रिंकू सिंह ने 14 गेंदों पर 25 रनों का योगदान दिया।
ज़िम्बाब्वे की गेंदबाज़ी
मेज़बान टीम की ओर से गेंदबाज़ी में ब्रैड इवांस सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजरबानी और वेस्ली मधेवेरे को एक-एक सफलता मिली।
इनपुट: IANS


