एशियन गेम्स में टेकबॉल का शानदार डेब्यू, क्विमसी डिसूजा ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, पदक की उम्मीद बढ़ी
एशियन गेम्स में पहली बार शामिल हुए टेकबॉल खेल में भारत की क्विमसी जोआकिम डिसूजा ने इतिहास रच दिया है। अपने पहले ही एशियन गेम्स में हिस्सा लेते हुए क्विमसी ने महिला सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल में…
एशियन गेम्स में पहली बार शामिल हुए टेकबॉल खेल में भारत की क्विमसी जोआकिम डिसूजा ने इतिहास रच दिया है। अपने पहले ही एशियन गेम्स में हिस्सा लेते हुए क्विमसी ने महिला सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जिससे भारत के लिए एक पदक की उम्मीद जग गई है। अब पदक पक्का करने के लिए उन्हें सिर्फ एक और जीत की दरकार है।
नागोया सिटी हिगाशी स्पोर्ट्स सेंटर में हुए ग्रुप ए के मुकाबले में क्विमसी ने कंबोडिया की कोएम्यान डीवाई को 2-0 से मात दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, क्विमसी ने यह मैच 12-7, 12-9 के स्कोर से अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने अपने ग्रुप के पहले मैच में जापान की युइना सकामोटो को एक कड़े मुकाबले में 10-11, 12-11, 13-11 से हराया था। इन जीतों के साथ उन्होंने सीधे सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया, जहाँ उनका सामना इंडोनेशिया की इमा सुमाया से होगा।
मिक्स्ड और मेन्स डबल्स में भारत का प्रदर्शन
सिंगल्स के अलावा, क्विमसी ने मिक्स्ड डबल्स में भी मोहम्मद अनस इमरान बेग के साथ मिलकर जीत से शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने अपने ग्रुप ए के पहले मैच में फिलीपींस की जोआना अबुलेंसिया और प्रिंस अगस्टिन की जोड़ी को शिकस्त दी। आने वाले मैचों में इस जोड़ी का मुकाबला कंबोडिया, थाईलैंड और कुवैत की टीमों से होगा।
हालांकि, पुरुष डबल्स में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता डेक्लान मार्शल गोंसाल्वेस और मोहम्मद अनस इमरान बेग की जोड़ी अपने दोनों ग्रुप मैच हार गई। उन्हें पहले वियतनाम और फिर कोरिया गणराज्य की टीमों से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा।
क्या है टेकबॉल का खेल?
टेकबॉल एक नया और रोमांचक खेल है, जिसकी शुरुआत हंगरी में हुई। यह फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है, जिसे एक घुमावदार टेबल पर खेला जाता है। आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में इस खेल को पहली बार शामिल किया गया है, जिसमें पुरुष और महिला सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स समेत कुल पाँच पदक स्पर्धाएँ आयोजित की जा रही हैं।
इनपुट: IANS


