एशियन पैरा गेम्स: प्रवीण कुमार का गोल्डन जंप, बंटी ने जीता सिल्वर, भारत को हाई जंप में दोहरी सफलता
आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की हाई जंप T64 स्पर्धा में दोहरे पदक पर कब्जा जमाया। देश के स्टार एथलीट प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की रिकॉर्ड छलांग लगाकर…
आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की हाई जंप T64 स्पर्धा में दोहरे पदक पर कब्जा जमाया। देश के स्टार एथलीट प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की रिकॉर्ड छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि उनके हमवतन बंटी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, प्रवीण ने न केवल अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया, बल्कि एक नया गेम्स रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया। उन्होंने पहले 2 मीटर की ऊंचाई पार कर जकार्ता 2018 में बने 1.95 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा और फिर अपनी अंतिम कोशिश में 2.05 मीटर की ऐतिहासिक छलांग लगाकर स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।
भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण
इस स्पर्धा में भारत के लिए खुशी दोगुनी हो गई जब बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग लगाई। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था और इसने उन्हें रजत पदक दिलाया। इस तरह भारत ने पोडियम पर पहले और दूसरे, दोनों स्थानों पर कब्जा कर लिया। उज्बेकिस्तान के तेमुरबेक गियाजोव 1.86 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।
खेल मंत्री ने दी बधाई
भारतीय एथलीटों की इस शानदार उपलब्धि पर खेल मंत्री मांडविया ने भी बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "रिकॉर्ड तोड़ने वाला डबल पोडियम। टॉप्स एथलीट प्रवीण कुमार को 2.05 मीटर के शानदार नए गेम्स रिकॉर्ड के साथ अपना गोल्ड बचाने के लिए और बंटी को एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की हाई जंप T64 में 1.92 मीटर के शानदार पर्सनल बेस्ट के साथ सिल्वर मेडल जीतने के लिए बहुत-बहुत बधाई।"
प्रवीण का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड
दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता प्रवीण कुमार का करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने टोक्यो 2020 पैरालंपिक में 2.07 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता था, जो उस समय एक एशियाई रिकॉर्ड था। इसके बाद उन्होंने हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण और पेरिस 2024 पैरालंपिक में 2.08 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता। साथ ही, उन्होंने नई दिल्ली में 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम किया था।
इनपुट: IANS


