अयोध्या: खेल प्रतिभाओं के लिए सौगात, 17.6 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा भव्य इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
अयोध्या की खेल प्रतिभाओं को अब विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलने जा रही हैं। 'राम नगरी' में एक भव्य 'इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' का निर्माण शुरू हो गया है, जिसे लगभग एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा…
अयोध्या की खेल प्रतिभाओं को अब विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलने जा रही हैं। 'राम नगरी' में एक भव्य 'इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' का निर्माण शुरू हो गया है, जिसे लगभग एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस परियोजना पर कुल 17.6 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसका निर्माण अयोध्या नगर निगम 'वैश्विक नगरोदय योजना' के तहत करा रहा है।
शनिवार को अयोध्या धाम में महापौर गिरीश त्रिपाठी ने इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन कर परियोजना की औपचारिक शुरुआत की। इस कॉम्प्लेक्स का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण और आधुनिक माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
क्या-क्या सुविधाएँ होंगी?
इस अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कई इनडोर खेलों के लिए विशेष कोर्ट और रिंग बनाए जाएंगे। यहाँ बैडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों के अलावा कुश्ती और बॉक्सिंग के लिए भी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही, खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक जिम्नेजियम और एक योगा सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
अयोध्या के म्युनिसिपल कमिश्नर जयेंद्र कुमार ने IANS को बताया, "वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत 17.6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन माहौपर द्वारा किया गया है। इसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और योगा से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। इसके एक साल में पूर्ण होने की संभावना है।"
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा
मंडल क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहर में इनडोर गेम्स के लिए सुविधाओं की कमी थी। उन्होंने कहा, "नगर निगम ने इस बारे में सोचा। हमारे यहां इंडोर गेम्स के अंदर मल्टीलेवल बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें टेबल टेनिस, जिम कुश्ती जैसे खेलों के लिए सुविधाएं मिलेंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलेंगी।" इस कॉम्प्लेक्स से न केवल युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि शहर में एक नई खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
इनपुट: IANS


