तुषार कपूर से बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ की मांग, पुलिस को फर्जी कॉल का शक
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकी भरा फोन आया। हालांकि, मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में इस कॉल के फर्जी होने की आशंका जताई जा…
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकी भरा फोन आया। हालांकि, मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में इस कॉल के फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने धमकी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच और एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दी गई।
यह घटना तब सामने आई जब तुषार कपूर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य 'हैरी बॉक्सर' बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तकनीकी टीम हरकत में आ गई और धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच की।
जांच में क्या मिला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने कॉलर की आवाज का मिलान पुलिस डेटाबेस में मौजूद असली हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल से किया। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की कि दोनों ऑडियो सैंपल मेल नहीं खाते हैं। इसी आधार पर पुलिस का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है, जिसने सिर्फ दहशत फैलाने के लिए बिश्नोई गैंग के नाम का दुरुपयोग किया।
फिलहाल, पुलिस साइबर सेल की मदद से कॉल की लोकेशन ट्रेस कर उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने यह फोन किया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है।
कौन हैं तुषार कपूर
तुषार कपूर दिग्गज अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं, और उनकी बहन एकता कपूर एक प्रसिद्ध टीवी और फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने 'मुझे कुछ कहना है' और 'शोर इन द सिटी' जैसी फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें 'गोलमाल' और 'क्या कूल हैं हम' जैसी कॉमेडी फिल्म सीरीज से खास पहचान मिली।
इनपुट: IANS


