दीवाली पर BMC के 'पटाखे न फोड़ें' अभियान पर भड़के अशोक पंडित, पोस्ट डिलीट करने की मांग
फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की आयुक्त अश्विनी भिड़े के दीवाली अभियान को लेकर तीखी नाराजगी जताई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह विवाद बीएमसी द्वारा जारी एक सोशल मीडिया…
फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की आयुक्त अश्विनी भिड़े के दीवाली अभियान को लेकर तीखी नाराजगी जताई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह विवाद बीएमसी द्वारा जारी एक सोशल मीडिया वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें मनोरंजन जगत की हस्तियां लोगों से प्रदूषण-मुक्त दीवाली मनाने और पटाखे न फोड़ने की अपील कर रही थीं।
अशोक पंडित ने इस अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि त्योहार कैसे मनाना है, इस पर उन्हें किसी के 'लेक्चर' की जरूरत नहीं है। पंडित ने बीएमसी आयुक्त पर अपनी बात रखने के लिए सेलेब्रिटीज का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
“हमें ज्ञान देने वाले आप कौन?”
अपने वीडियो संदेश में अशोक पंडित ने सीधे तौर पर बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "माननीय वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े जी, हमें किसी प्रकार के लेक्चर की जरूरत नहीं है कि त्योहार कैसे मनाना चाहिए या फिर पर्यावरण की रक्षा करें। आप सभी लोग इतने ग्लैमर स्टक हो गए हैं कि आप अपनी बात को रखने के लिए हमारे मनोरंजन जगत के सेलेब्स का इस्तेमाल करते हैं। आप उनसे रिक्वेस्ट करते हैं और त्योहारों को लेकर लेक्चर दिलवाते हैं कि पटाखा मत चलाइए।"
पंडित ने सवाल उठाते हुए कहा, "हमारे त्योहारों में हमें ज्ञान देने वाले आप लोग होते कौन हैं। मैंने कभी भी आप लोगों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर किसी दूसरे धर्म के त्योहारों पर ये कहते नहीं सुना कि ईद न मनाएं या फिर क्रिसमस पर पटाखे न चलाएं।"
BMC की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
फिल्म निर्देशक ने बीएमसी की बुनियादी जिम्मेदारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "बीएमसी से अपना खुद का काम तो होता नहीं है। बैनर उनसे हटते नहीं, गटर साफ नहीं होता है, न ही साफ पानी दे पा रहे हैं और हमें लेक्चर दे रहे हैं कि दीपावली का पर्व कैसे मनाएं।"
अंत में, उन्होंने अश्विनी भिड़े से दीवाली से जुड़ी सभी सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने की मांग की। उन्होंने लिखा, "अश्विनी भिड़े जी आप तो समझदार हैं। मैं आपसे रिक्वेस्ट करता हूं कि आप वे सभी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दें, जो आपने हमारे त्योहारों को लेकर लगाए हैं।"
इनपुट: IANS


