रविवार, 2 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप: 17 साल बाद भारत में वापसी, गोपीचंद बोले- 'यह भारतीय खेल के लिए शानदार पल'

भारत 17 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बैडमिंटन की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट, BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार है। भारतीय बैडमिंटन टीम के मुख्य कोच और ऑल इंग्लैंड के…

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप: 17 साल बाद भारत में वापसी, गोपीचंद बोले- 'यह भारतीय खेल के लिए शानदार पल'
(फोटो: IANS)

भारत 17 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बैडमिंटन की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट, BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार है। भारतीय बैडमिंटन टीम के मुख्य कोच और ऑल इंग्लैंड के पूर्व विजेता पुलेला गोपीचंद ने इसे न केवल बैडमिंटन, बल्कि पूरे भारतीय खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया है।

नई दिल्ली में 17 से 23 अगस्त तक होने वाले इस टूर्नामेंट के 30वें संस्करण के लिए ऑफिशियल मैस्कॉट और एंथम लॉन्च किया गया। समाचार एजेंसी IANS के हवाले से, इस मौके पर गोपीचंद ने कहा, "देश को फिर से वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी करते देखना बहुत अच्छा है। यह न सिर्फ बैडमिंटन के लिए बल्कि भारतीय खेल के लिए भी एक शानदार पल है।"

टूर्नामेंट का समय और घरेलू मैदान का फायदा

गोपीचंद ने इस आयोजन के समय को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "यह एक शानदार इवेंट है। इसकी टाइमिंग भी बहुत अच्छी है। हमारे पास वर्ल्ड चैंपियनशिप है और उसके बाद एशियन गेम्स हैं। अगले दो महीने भारत के लिए बहुत जरूरी होने वाले हैं।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि घरेलू परिस्थितियों, दर्शकों की मौजूदगी और समर्थन का भारतीय खिलाड़ियों को निश्चित रूप से फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि घरेलू हालात, घरेलू भीड़, और समर्थन खिलाड़ियों के लिए मददगार होंगे।"

पदक के मजबूत दावेदार और खिलाड़ियों की तैयारी

कोच ने पीवी सिंधु, आयुष, और सात्विक-चिराग की जोड़ी का जिक्र करते हुए उन्हें पदक का मजबूत दावेदार बताया। उन्होंने कहा, "सिंधु का जापान में फाइनल में पहुंचना, आयुष का होना, आपके पास सात्विक और चिराग हैं। कुछ बहुत अच्छे पदक के दावेदार हैं। ऐसे दावेदारों के साथ बड़े गेम्स में जाना बहुत अच्छा है।"

अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के व्यस्त होने पर गोपीचंद ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अब इसके आदी हो चुके हैं और कई बड़े टूर्नामेंट्स में संतुलन बनाने में परिपक्व हो गए हैं।

बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आयोजन

इस लॉन्च इवेंट में बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के अध्यक्ष और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ बीएआई के महासचिव संजय मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। गोपीचंद ने आयोजन की तैयारियों और स्टेडियम को लेकर संतोष जताया। उन्होंने कहा, "आज सरकार ने स्टेडियम को फिर से बनाने का काम पक्का करने के लिए पूरी कोशिश की है। स्टेडियम बहुत अच्छा लग रहा है। आयोजन भी बेहतर हो गई है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →