वुहान ओपन: 24 साल के चांग बिंग्यू ने जीता पहला स्नूकर रैंकिंग ख़िताब, फाइनल में झाओ शिनटोंग को हराया
चीन के 24 वर्षीय स्नूकर खिलाड़ी चांग बिंग्यू ने वर्ल्ड स्नूकर वुहान ओपन में अपना पहला रैंकिंग इवेंट खिताब जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने ही देश के झाओ शिनटोंग को एक करीबी मुकाबले…
चीन के 24 वर्षीय स्नूकर खिलाड़ी चांग बिंग्यू ने वर्ल्ड स्नूकर वुहान ओपन में अपना पहला रैंकिंग इवेंट खिताब जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने ही देश के झाओ शिनटोंग को एक करीबी मुकाबले में 10-7 से मात दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह ऑल-चाइनीज फाइनल था, जिसमें चांग ने दुनिया के नए नंबर 1 खिलाड़ी को हराकर सबको चौंका दिया।
यह जीत चांग के लिए बेहद भावुक क्षण था, क्योंकि उनके करियर में काफी उतार-चढ़ाव रहे हैं। उन्होंने याद किया कि एक समय ऐसा भी था जब वे मैचों में हिस्सा नहीं ले पाते थे, लेकिन कड़ी मेहनत से उन्होंने अपना प्रोफेशनल स्टेटस वापस पाया।
जीत के बाद भावुक हुए चांग
खिताब जीतने के बाद चांग ने कहा, "यह खिताब मेरे लिए बहुत मायने रखता है... मैंने इन सालों में सच में बहुत मेहनत की है, इसीलिए मैं इतना भावनात्मक हो रहा हूं।" इससे पहले वे दिसंबर 2025 में स्कॉटिश ओपन के फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन वहां क्रिस वेकलिन से हार गए थे। उस हार को याद करते हुए उन्होंने कहा, "उस हार के बाद, मैंने हर दिन खुद को याद दिलाया कि अगर मैं किसी और फाइनल में पहुंचा, तो मुझे मौके का फायदा उठाना होगा।"
आइडल ओ'सुलिवन को भी हराया
वुहान ओपन में चांग का सफर आसान नहीं था। फाइनल तक पहुंचने के लिए उन्होंने लियू होंगयु, अली कार्टर, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 जड ट्रंप और अपने आदर्श, सात बार के वर्ल्ड चैंपियन रॉनी ओ'सुलिवन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को हराया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी झाओ की तारीफ करते हुए कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं झाओ को हरा सकता हूं... मैंने उनके स्टाइल के कई पहलुओं की नकल की है।"
हार के बावजूद, झाओ शिनटोंग ने चांग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "हार निराशाजनक है, लेकिन चांग बिंग्यू जीत के हकदार थे। उनके समेत कई युवा खिलाड़ी पहले ही बहुत ऊंचे स्तर पर पहुंच चुके हैं।" यह लगातार तीसरा साल है जब वुहान ओपन का खिताब किसी चीनी खिलाड़ी ने जीता है, जो इस खेल में देश के बढ़ते दबदबे को दिखाता है।
इनपुट: IANS


