कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: भारतीय महिला और पुरुष टीमों ने दर्ज की धमाकेदार जीत
अहमदाबाद में शुक्रवार को कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का शानदार आगाज हुआ, जहाँ भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मुकाबलों में दमदार जीत हासिल की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
अहमदाबाद में शुक्रवार को कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का शानदार आगाज हुआ, जहाँ भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मुकाबलों में दमदार जीत हासिल की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वीर सावरकर स्टेडियम में खेले गए इन मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने विरोधियों पर शुरू से ही दबदबा बनाए रखा।
महिला टीम ने मलेशिया को 73-13 के विशाल अंतर से रौंद दिया, तो वहीं पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से मात दी। दोनों ही मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने रेडिंग और टैकलिंग, दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
महिला टीम का एकतरफा दबदबा
कप्तान निधि शर्मा के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने मैच की शुरुआत से ही मलेशिया पर पकड़ बना ली। पहले हाफ तक स्कोर 30-11 था, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय लड़कियों ने और भी आक्रामक खेल दिखाते हुए मलेशिया को कोई मौका नहीं दिया। भारत ने कुल 40 रेड प्वाइंट और 20 टैकल प्वाइंट हासिल किए, जबकि मलेशिया सिर्फ 9 रेड और 2 टैकल प्वाइंट ही बना सका। इस दौरान भारत ने मलेशिया को छह बार ऑलआउट किया।
टीम के लिए साक्षी ने सबसे ज्यादा 13 अंक जुटाए, जिसमें आठ रेड और पांच टैकल प्वाइंट शामिल थे। बेंच से आईं रेणुका ने भी अपनी नौ रेड में नौ अंक बटोरकर प्रभावित किया।
पुरुष टीम ने भी दिखाया दम
पुरुषों के मुकाबले में, कप्तान सुरजीत सिंह की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 46-26 से एक प्रभावशाली जीत दर्ज की। भारत के लिए नवीन कुमार 12 अंकों के साथ टॉप स्कोरर रहे, जबकि नीरज नरवाल ने 11 रेड प्वाइंट हासिल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
भारतीय टीम ने रेडिंग में 32-23 और टैकलिंग में 8-3 से इंग्लैंड को पीछे छोड़ा। साथ ही, इंग्लैंड को तीन बार ऑलआउट भी किया, जबकि खुद एक बार भी ऑलआउट नहीं हुए। हालांकि, मैच के एक हिस्से में इंग्लैंड ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में 16-7 से जीत हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अगले मुकाबले
शनिवार, 24 अक्टूबर को भारतीय महिला टीम का सामना शाम 6:45 बजे सिंगापुर से होगा, जबकि पुरुष टीम रात 8:00 बजे युगांडा से भिड़ेगी।
इनपुट: IANS


