भारत दौरे पर न्यूज़ीलैंड को बड़ा झटका, सलामी बल्लेबाज़ डेवन कॉनवे पूरी वनडे सीरीज़ से बाहर
भारत के खिलाफ़ चल रही पाँच वनडे मैचों की सीरीज़ में न्यूज़ीलैंड की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज़ डेवन कॉनवे चोट (कनकशन) के कारण पूरी सीरीज़ से बाहर हो गए हैं…
भारत के खिलाफ़ चल रही पाँच वनडे मैचों की सीरीज़ में न्यूज़ीलैंड की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज़ डेवन कॉनवे चोट (कनकशन) के कारण पूरी सीरीज़ से बाहर हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सीरीज़ शुरू होने से ठीक पहले अभ्यास के दौरान कॉनवे की टक्कर तेज़ गेंदबाज़ मैट हेनरी से हो गई थी, जिसके बाद उन्हें पहले वनडे से भी बाहर बैठना पड़ा था।
पहले वनडे में कॉनवे के साथ-साथ मैट हेनरी भी चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। हालांकि, हेनरी अब फिट हो गए हैं और शनिवार को होने वाले दूसरे वनडे के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। लेकिन कॉनवे की चोट ज़्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें बाकी बचे मैचों से भी बाहर होना पड़ा है। फिलहाल भारतीय टीम पहला वनडे जीतकर सीरीज़ में 1-0 से आगे चल रही है।
टीम में किए गए बदलाव
डेवन कॉनवे के बाहर होने के बाद न्यूज़ीलैंड टीम में निक केली को शामिल किया गया है। केली पहले से ही न्यूज़ीलैंड 'ए' टीम का हिस्सा थे और उन्हें भारत के खिलाफ चौथे और पाँचवें वनडे के लिए मुख्य टीम में चुना गया था। अब कॉनवे की चोट के बाद उन्हें दूसरे और तीसरे वनडे के लिए भी टीम में शामिल कर लिया गया है।
न्यूज़ीलैंड 'ए' टीम में भी फेरबदल हुआ है। केली की जगह 'ए' टीम में बल्लेबाज़ डेल फिलिप्स को मौका मिला है। इसके अलावा तेज़ गेंदबाज़ साइमन कीन (हैमस्ट्रिंग), बेन लिस्टर (साइड स्ट्रेन) और फ्रेजर शेट (साइड स्ट्रेन) भी चोट के कारण बाहर हो गए हैं। न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के अनुसार, कीन और शेट अगले तीन से चार हफ्तों में घरेलू टीमों के लिए वापसी कर सकते हैं, जबकि लिस्टर अपने रिकवरी प्रोग्राम पर काम कर रहे हैं। गिब्सन और ब्रेट रैंडेल तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट के लिए 'ए' टीम के साथ बने रहेंगे और डैनरू फर्न्स भी टीम से जुड़ेंगे।
इनपुट: IANS


