डूरंड कप 2026: एडमंड की हैट्रिक से ईस्ट बंगाल बना चैंपियन, 22 साल बाद मोहन बागान को हराकर जीता 17वां खिताब
फुटबॉल के मैदान पर 22 साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। ईस्ट बंगाल एफसी ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान सुपर जायंट को एकतरफा मुकाबले में 4-1 से हराकर 135वें डूरंड कप का खिताब अपने नाम…
फुटबॉल के मैदान पर 22 साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। ईस्ट बंगाल एफसी ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान सुपर जायंट को एकतरफा मुकाबले में 4-1 से हराकर 135वें डूरंड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए इस हाई-वोल्टेज फाइनल में ईस्ट बंगाल की जीत के हीरो एडमंड लालरिंडिका रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस जीत के साथ ईस्ट बंगाल ने डूरंड कप में सबसे ज्यादा 17 खिताब जीतने के मोहन बागान के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है।
इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी स्टेडियम में मौजूद थे। उन्होंने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "आज कोलकाता में डूरंड कप का फाइनल मुकाबला देखा। मैं ईस्ट बंगाल क्लब को कप जीतने पर बधाई देता हूं। उनकी अटूट दृढ़ता और बेहतरीन टीमवर्क ने उन्हें जीत और गौरव दिलाया है। एडमंड लालरिंडिका की हैट्रिक और टीम के शानदार प्रदर्शन ने 22 साल के इंतजार का बेहतरीन अंत किया। फाइनल में भारतीय फुटबॉल की सच्ची भावना देखने को मिली। रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड को बहुत-बहुत बधाई।"
मैच का रोमांच: पहले हाफ में ही तय हुई जीत
मैच की शुरुआत में भले ही गेंद पर मोहन बागान का नियंत्रण ज्यादा रहा, लेकिन गोल करने के मौके ईस्ट बंगाल ने भुनाए। खेल के 10वें मिनट में ही कप्तान मोहम्मद बासिम राशिद के पास पर बिपिन सिंह ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके ठीक दो मिनट बाद एडमंड लालरिंडिका ने बॉक्स के बाहर से एक दमदार शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया।
ईस्ट बंगाल का आक्रमण यहीं नहीं रुका। 22वें मिनट में एडमंड ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाते हुए अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर दिया। मोहन बागान ने 33वें मिनट में मनवीर सिंह के गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन 44वें मिनट में एडमंड ने अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए ईस्ट बंगाल को 4-1 की अजेय बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में मोहन बागान कोई गोल नहीं कर सका और ईस्ट बंगाल ने यादगार जीत दर्ज की।
व्यक्तिगत पुरस्कारों की घोषणा
टूर्नामेंट के समापन पर व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए। मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ को 'गोल्डन ग्लव' मिला, जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के अलाउद्दीन अजराई ने 'गोल्डन बूट' जीता। फाइनल के हीरो और ईस्ट बंगाल के एडमंड लालरिंडिका को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'गोल्डन बॉल' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को तीन-तीन लाख रुपए का चेक मिला, जबकि एडमंड को पुरस्कार के तौर पर एक एसयूवी भी दी गई।
इनपुट: IANS


