रश्मिका मंदाना बनेंगी एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी, परदे पर दिखेगी भारत रत्न गायिका की अनसुनी कहानी
महान कर्नाटक शास्त्रीय गायिका और भारत रत्न से सम्मानित एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की ज़िंदगी अब बड़े परदे पर नज़र आएगी। इस बहुप्रतीक्षित बायोपिक में सुब्बुलक्ष्मी का किरदार मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना…
महान कर्नाटक शास्त्रीय गायिका और भारत रत्न से सम्मानित एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की ज़िंदगी अब बड़े परदे पर नज़र आएगी। इस बहुप्रतीक्षित बायोपिक में सुब्बुलक्ष्मी का किरदार मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना निभाएंगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म का निर्देशन गौतम तिन्ननुरी कर रहे हैं, जिन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ गायिका की उपलब्धियों को दिखाना नहीं, बल्कि उनकी ज़िंदगी के मानवीय पहलुओं को सामने लाना है।
फिल्म को 'एमएस - ए लिगेसी ऑन स्क्रीन' नाम दिया गया है और इसे सुब्बुलक्ष्मी की 110वीं जयंती के अवसर पर आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया। इस मौके पर निर्देशक ने कहा कि रिसर्च के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि यह सिर्फ एक महान संगीतकार की नहीं, बल्कि एक असाधारण जीवन की कहानी है।
सफलता के पीछे का इंसान
निर्देशक गौतम तिन्ननुरी ने फिल्म के पीछे अपनी सोच को साझा करते हुए कहा, "उनके जीवन में भारत रत्न, बड़े मंच और मशहूर कॉन्सर्ट हॉल जैसे कई गौरवपूर्ण पड़ाव रहे हैं लेकिन इन उपलब्धियों के पीछे एक आम इंसान था। वह एक बेटी थीं, एक कलाकार थीं और एक ऐसी महिला थीं, जिन्होंने सपने देखे, सफलता हासिल की, असफलताओं का सामना किया और कई तरह के त्याग किए।"
उन्होंने ज़ोर दिया कि फिल्म में सुब्बुलक्ष्मी के संघर्षों, भावनाओं और निजी जीवन को दर्शकों के सामने लाया जाएगा। तिन्ननुरी के मुताबिक, अक्सर महान हस्तियों की सिर्फ बड़ी कामयाबियों पर ध्यान दिया जाता है, लेकिन यह फिल्म बताएगी कि उस सफलता के पीछे किस तरह का जीवन और संघर्ष था।
आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा
गौतम तिन्ननुरी ने कहा कि आज की तेज़ रफ़्तार दुनिया में, जहाँ सफलता को लाइक्स और शेयर्स से मापा जाता है, एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की कहानी धैर्य और अनुशासन का एक ज़रूरी संदेश देती है। उन्होंने कहा, "उनकी महानता रातोंरात नहीं बनी थी। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी अनुशासन और धैर्य के साथ अपने संगीत को समर्पित की। उनकी सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगातार सीखने की भावना थी।"
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर देंगे, जबकि इसका निर्माण गीता आर्ट्स, रॉकलाइन एंटरटेनमेंट और बन्नी वास वर्क्स मिलकर कर रहे हैं। निर्देशक ने कहा कि पूरी टीम इस बड़ी ज़िम्मेदारी को समझती है और फिल्म को गहरे सम्मान के साथ तैयार किया जा रहा है।
इनपुट: IANS


