शादी के लिए डेडलाइन और दूल्हों की कतार, महेश मांजरेकर की नई फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी' का ट्रेलर आया
अगर किसी दुल्हन को शादी के लिए एक डेडलाइन दे दी जाए और उसके सामने कई दूल्हे लाइन में खड़े हों, तो क्या होगा? इसी दिलचस्प सवाल के इर्द-गिर्द घूमती है अभिनेता महेश मांजरेकर की आने वाली पारिवारिक…
अगर किसी दुल्हन को शादी के लिए एक डेडलाइन दे दी जाए और उसके सामने कई दूल्हे लाइन में खड़े हों, तो क्या होगा? इसी दिलचस्प सवाल के इर्द-गिर्द घूमती है अभिनेता महेश मांजरेकर की आने वाली पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी', जिसका ट्रेलर गुरुवार को जारी कर दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह ट्रेलर हंसी-मजाक, रोमांस और पारिवारिक ड्रामा की एक मजेदार झलक पेश करता है।
फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन पर केंद्रित है, जिसके पास शादी के लिए एक निश्चित समय-सीमा है। इस दौरान कई संभावित दूल्हे सामने आते हैं, जिससे 'म्यूजिकल चेयर्स' जैसा मजेदार माहौल बन जाता है। फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
फिल्म की सादगी से प्रभावित कलाकार
इस फिल्म में महेश मांजरेकर के अलावा खुशाली कुमार, पीयूष मिश्रा, ओंकार कपूर, आगु स्टेनली चिएडोज़ी और बी.सी. आंटी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को चुनने की वजह बताते हुए महेश मांजरेकर ने कहा कि इसकी सादगी और सच्ची कहानी ने उन्हें बेहद प्रभावित किया।
अपने किरदार के बारे में उन्होंने कहा, "इस फिल्म की सादगी ने मुझे अपनी ओर आकर्षित कर लिया। यह एक ऐसी फिल्म है, जो मनोरंजग करने की कोशिश नहीं करती है, जो इसे देखेगा वो स्वाभाविक रूप से इस मजेदार और थोड़ी अजीब-सी स्थिति में मुस्कराते हुए पाए जाते हैं। मेरा किरदार ऐसा है जो सच में अपने परिवार का भला चाहता है, और यही भावनात्मक पहलू इसके ह्यूमर को और भी मजेदार बनाता है।"
खुशाली कुमार का मजेदार किरदार
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहीं खुशाली कुमार ने अपने किरदार को अब तक के सबसे मजेदार किरदारों में से एक बताया। उन्होंने कहा, "वह कॉन्फिडेंट और अनप्रेडिक्टेबल है और सबको हमेशा सतर्क रखती है। ट्रेलर फिल्म की एनर्जी और मजाक-मस्ती को बहुत अच्छे से दिखाता है, और मैं दर्शकों के लिए बड़े पर्दे पर इस पूरी यात्रा का अनुभव करने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।"
'दुल्हनिया ले आएगी' को सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशआदित्य लामा और विकास अग्रवाल ने प्रोड्यूस किया है।
इनपुट: IANS


