सिलिकॉन वैली ओपन: ज़ोरदार शुरुआत के बाद भी फ़ाइनल से चूकीं अनाहत सिंह, सेमीफ़ाइनल में हार
भारतीय स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह का सिलिकॉन वैली ओपन में शानदार प्रदर्शन सेमीफ़ाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रेडवुड सिटी में हुए इस मुकाबले में अनाहत को मलेशिया की…
भारतीय स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह का सिलिकॉन वैली ओपन में शानदार प्रदर्शन सेमीफ़ाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रेडवुड सिटी में हुए इस मुकाबले में अनाहत को मलेशिया की शिवसांगरी सुब्रमण्यम के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। ज़ोरदार शुरुआत करते हुए अनाहत ने पहला गेम 11-5 से जीता, लेकिन फिर लय बरकरार नहीं रख सकीं।
मलेशियाई खिलाड़ी ने वापसी करते हुए अगले तीन गेम 11-6, 11-4 और 11-7 से अपने नाम कर लिए। 37 मिनट तक चले इस कड़े मुकाबले को जीतकर सुब्रमण्यम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह अनाहत की सुब्रमण्यम से प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (PSA) टूर पर तीसरी और कुल मिलाकर चौथी हार थी। इससे पहले 2026 एशियाई खेलों के महिला एकल फाइनल में भी सुब्रमण्यम ने ही अनाहत को हराया था, जहाँ भारतीय खिलाड़ी को रजत पदक मिला था।
टूर्नामेंट में यादगार प्रदर्शन
भले ही अनाहत खिताब से चूक गईं, लेकिन इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन यादगार रहा। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में पहुँचने के लिए बड़ा उलटफेर करते हुए आठ बार की विश्व चैंपियन और टॉप सीड एल शेरबिनी को सीधे गेम में मात दी थी। इसके बाद उन्होंने मिस्र की छठी वरीयता प्राप्त सलमा हैनी को भी हराया था, जो अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर उनके बढ़ते कद को दिखाता है।
शानदार रहा है यह साल
18 वर्षीय अनाहत सिंह के लिए साल 2026 बेहद सफल रहा है। वह वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। इसके अलावा, वह एशियाई खेलों के एकल फाइनल में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी बनीं। इससे पहले उन्होंने हांगझोऊ में 2023 एशियाई खेलों में महिला टीम और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक भी जीते थे।
इनपुट: IANS


