रविवार, 30 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
वेब सीरीज / OTT

'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर जगजीत सिंह की यादें, अमिताभ बच्चन ने बताई अपनी पसंदीदा ग़ज़ल

छोटे पर्दे के मशहूर क्विज़ शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 18वें सीज़न के सेट पर उस वक्त माहौल खुशनुमा हो गया, जब मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने दिवंगत ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं…

'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर जगजीत सिंह की यादें, अमिताभ बच्चन ने बताई अपनी पसंदीदा ग़ज़ल
(फोटो: IANS)

छोटे पर्दे के मशहूर क्विज़ शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 18वें सीज़न के सेट पर उस वक्त माहौल खुशनुमा हो गया, जब मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने दिवंगत ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक कंटेस्टेंट से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी सबसे पसंदीदा ग़ज़ल का भी ज़िक्र किया।

यह सब तब शुरू हुआ जब हॉट सीट पर बैठे कंटेस्टेंट अनुज भटनागर ने बताया कि वे दिनभर की थकान मिटाने के लिए ग़ज़लें सुनना पसंद करते हैं। उन्होंने खुद को जगजीत सिंह का बड़ा प्रशंसक बताते हुए एक ग़ज़ल भी सुनाई और फिर अमिताभ बच्चन से उनकी पसंदीदा ग़ज़ल के बारे में पूछ लिया।

जब बिग बी ने खोला राज़

इस सवाल पर अमिताभ बच्चन ने कहा, "हम बहुत सारी ग़ज़लें सुनते रहते हैं, कभी-कभी संगीत वगैरह का भी आनंद लेते रहते हैं। एक जगजीत जी की 'आहिस्ता आहिस्ता' बहुत शानदार ग़ज़ल है, जो कि मुझे बहुत पसंद है।"

इसके बाद कंटेस्टेंट ने यह भी जानना चाहा कि क्या उनकी जगजीत सिंह से जुड़ी कोई खास याद है, खासकर इसलिए क्योंकि अमिताभ और उनके पिता हरिवंश राय बच्चन, दोनों ने ही इस महान गायक के साथ काम किया है।

कविता और संगीत का रिश्ता

अमिताभ बच्चन ने बताया कि रचनात्मक लोगों की मुलाकातें अक्सर होती रहती हैं। उन्होंने कविता और संगीत के गहरे रिश्ते को समझाते हुए कहा, "जो कविता लिखी जाती है ना, उसमें कहीं न कहीं एक छुपा हुआ सुर होता है। तभी जाकर वह कविता बनती है... अगर आप कोई भी कविता ठीक से पढ़िए, तो उसमें आपको एक लय मिलेगी और जो गायक होते हैं, वो इस लय को पहचानते हैं, और उसे पहचान कर ही वो अपना गीत गाते हैं।"

गौरतलब है कि जगजीत सिंह को भारत के सबसे प्रभावशाली ग़ज़ल गायकों में से एक माना जाता है, जो अपनी सरल शैली और कविता को भावपूर्ण संगीतमय अंदाज़ देने के लिए जाने जाते थे।

इनपुट: IANS

N

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से सिनेमा और मनोरंजन से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →