उज्ज्वल निकम का किरदार निभाने से क्यों डर गए थे राजकुमार राव, KBC में किया खुलासा
मशहूर अभिनेता राजकुमार राव जल्द ही अपनी नई फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका में दिखाई देंगे। लेकिन इस किरदार को निभाने का फैसला उनके लिए आसान…
मशहूर अभिनेता राजकुमार राव जल्द ही अपनी नई फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका में दिखाई देंगे। लेकिन इस किरदार को निभाने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था। राजकुमार ने बताया कि उम्र, शारीरिक बनावट और आवाज में बड़े अंतर के कारण वह शुरू में यह भूमिका निभाने को लेकर काफी घबराए हुए थे।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राजकुमार राव और उनकी सह-कलाकार वामिका गब्बी, खुद उज्ज्वल निकम के साथ 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के सेट पर पहुंचे। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान उन्होंने असल जिंदगी के किरदारों को पर्दे पर उतारने की चुनौतियों पर बात की। राजकुमार ने कहा, "मैं ऐसा मानता हूं कि जिस चीज से डर लगता है, उसे जरूर करना चाहिए, तभी आप खुद को आगे बढ़ाते हो, नहीं तो एक कलाकार के तौर पर आप हमेशा अपने कम्फर्ट जोन में ही रहोगे।"
किरदार की तैयारी और चुनौतियां
राजकुमार ने बताया कि किरदार में ढलने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। उन्होंने कहा, "मैं उज्ज्वल जी से नहीं मिल पाया क्योंकि वो काफी बिजी रहते हैं, पर मैंने यूट्यूब पर घंटों-घंटों तक उनके वीडियो देखे।" उन्होंने बताया कि निकम की आवाज की नकल करना बहुत मुश्किल था। इसके अलावा, वकील की तरह दिखने के लिए उन्हें अपना वजन भी बढ़ाना पड़ा।
वामिका गब्बी ने भी साझा किया अपना अनुभव
फिल्म में उज्ज्वल निकम की पत्नी ज्योति का किरदार निभा रहीं वामिका गब्बी ने भी अपनी शुरुआती हिचकिचाहट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले तो उन्होंने फिल्म के लिए मना ही कर दिया था। वामिका ने कहा, "मुझे 50 साल की महिला का किरदार निभाना था और मेरी तो अभी तक शादी भी नहीं हुई और वहां तो 22-23 साल के बच्चे हैं।" हालांकि, बाद में उन्होंने भी इसे एक चुनौती के तौर पर स्वीकार किया और महसूस किया कि वह एक बहुत मजबूत महिला का किरदार निभा रही हैं।
इनपुट: IANS


