चाबहार पर हमले के बाद तनाव बढ़ा: ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी, 5 बंदरगाह निशाने पर?
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका द्वारा शुक्रवार को ईरान के चाबहार बंदरगाह पर किए गए हमलों के बाद ईरान ने कड़ी जवाबी…
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका द्वारा शुक्रवार को ईरान के चाबहार बंदरगाह पर किए गए हमलों के बाद ईरान ने कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने उन सभी देशों को चेताया है, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं और जिनका इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हो रहा है।
IRGC ने संबंधित देशों से आग्रह किया है कि वे अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए नागरिक सुरक्षा उपायों को सक्रिय करें और लोगों को संभावित सैन्य ठिकानों से दूर रखें। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के हवाले से यह दावा किया गया है कि ईरान इस क्षेत्र के पांच प्रमुख बंदरगाहों को निशाना बना सकता है, जिनका संबंध अमेरिका के सैन्य या व्यावसायिक हितों से है।
संभावित निशाने पर कौन से बंदरगाह हैं?
ईरानी मीडिया के अनुसार, जिन बंदरगाहों पर हमले का खतरा है उनमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का जेबेल अली पोर्ट, बहरीन का मीना सलमान पोर्ट, कुवैत का शुआइबा पोर्ट, कतर का हमाद पोर्ट और सऊदी अरब का किंग फहद इंडस्ट्रियल पोर्ट शामिल हैं।
कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा
इस बीच, ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि IRGC ने कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य लॉजिस्टिक्स हब 'कैंप अरिफजान' पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने का दावा किया है। इस हमले में अमेरिकी कर्मियों के हताहत होने की बात भी कही गई है। साथ ही, अली अल सलेम एयर बेस को भी निशाना बनाने का दावा किया गया, जिससे वहां की रडार प्रणाली, हथियार रखरखाव हैंगर और ड्रोन सुविधा को नुकसान पहुंचा है।
तेल टैंकरों पर धमाके और हवाई यातायात पर असर
IRGC ने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में धमाका हुआ, जो कथित तौर पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की गलत जानकारी के कारण समुद्री माइंस से टकरा गए। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। इन घटनाओं और बढ़ते सुरक्षा खतरों के बीच, कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। राष्ट्रीय एयरलाइन कुवैत एयरवेज ने यात्रियों को सूचित किया है कि सुरक्षा कारणों से सभी टेकऑफ और लैंडिंग सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं।
इनपुट: IANS


