सोने-चांदी में ज़बरदस्त उछाल, एक ही हफ़्ते में सोना ₹6,000 से ज़्यादा महंगा हुआ
निवेशकों के लिए यह हफ़्ता काफ़ी शानदार रहा, क्योंकि सोने और चांदी की कीमतों में ज़बरदस्त उछाल देखने को मिला। महज़ एक सप्ताह के भीतर, सोना प्रति 10 ग्राम पर 6,000 रुपये से अधिक महंगा हो गया, जबकि…
निवेशकों के लिए यह हफ़्ता काफ़ी शानदार रहा, क्योंकि सोने और चांदी की कीमतों में ज़बरदस्त उछाल देखने को मिला। महज़ एक सप्ताह के भीतर, सोना प्रति 10 ग्राम पर 6,000 रुपये से अधिक महंगा हो गया, जबकि चांदी की कीमत में 13,000 रुपये प्रति किलोग्राम से ज़्यादा की तेज़ी आई। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य रूप से डॉलर इंडेक्स पर दबाव और महंगाई कम होने की उम्मीदें हैं।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस कारोबारी हफ़्ते में 24 कैरेट सोने का भाव 6,761 रुपये बढ़कर 1,49,621 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले हफ़्ते यह 1,42,860 रुपये पर था। इसी तरह, चांदी की कीमत भी 13,086 रुपये की बड़ी छलांग लगाकर 2,31,381 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो पहले 2,18,295 रुपये थी।
सोने के अलग-अलग कैरेट का हाल
सोने की शुद्धता के आधार पर भी कीमतों में तेज़ी दर्ज की गई। 22 कैरेट सोने की कीमत 1,30,860 रुपये से बढ़कर 1,37,053 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं, 18 कैरेट सोने का दाम भी 1,07,145 रुपये से बढ़कर 1,12,216 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
कीमतों में क्यों आई तेज़ी?
विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल में नरमी के कारण महंगाई की आशंका कम हुई है, जिससे कीमती धातुओं को सहारा मिला। इसके अलावा, कमज़ोर डॉलर इंडेक्स ने भी सोने-चांदी की कीमतों को ऊपर उठाने में मदद की। अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में भी सोना 4,400 डॉलर प्रति औंस और चांदी 63 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही है।
इस हफ़्ते 3 अगस्त को सोने का सबसे निचला स्तर 1,42,557 रुपये देखा गया, जबकि 7 अगस्त को यह 1,49,621 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। चांदी का न्यूनतम भाव 3 अगस्त को 2,17,287 रुपये और उच्चतम भाव 7 अगस्त को 2,31,381 रुपये दर्ज किया गया।
इनपुट: IANS


