पोंगल पर आएगी विजय सेतुपति की 'पॉकेट नॉवेल', जानें फिल्म से जुड़ी खास बातें
तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय सेतुपति और निर्देशक थियागराजन कुमारराजा की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पॉकेट नॉवेल' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है…
तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय सेतुपति और निर्देशक थियागराजन कुमारराजा की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पॉकेट नॉवेल' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म पोंगल के मौके पर 14 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
शुक्रवार को मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी कर यह जानकारी साझा की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म के संगीतकार जीवी प्रकाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टर शेयर करते हुए रिलीज की तारीख की पुष्टि की। 'सुपर डीलक्स' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद निर्देशक थियागराजन और विजय सेतुपति का यह दूसरा प्रोजेक्ट है, जिसे लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।
फिल्म की स्टार कास्ट और टीम
'पॉकेट नॉवेल' एक तमिल फैंटेसी ड्रामा फिल्म है, जिसमें विजय सेतुपति के साथ मालविका मोहनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इनके अलावा, राज बी शेट्टी, किशोर और दिलीप सुब्बारायन जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखेंगे। फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर थियागराजन कुमारराजा कर रहे हैं। यह उनकी तीसरी फीचर फिल्म होगी।
संगीत को लेकर हुआ था बदलाव
इस फिल्म से जुड़ी एक और अहम खबर इसके संगीत निर्देशक को लेकर थी। पहले मेकर्स ने दिग्गज संगीतकार इसाईग्नानी इलैयाराजा के नाम की घोषणा की थी। हालांकि, पिछले महीने से ऐसी खबरें थीं कि उन्होंने फिल्म से खुद को अलग कर लिया है। इन अटकलों को तब और बल मिला जब 9 अक्टूबर को शूटिंग पूरी होने की घोषणा के साथ जारी तकनीशियनों की सूची में इलैयाराजा का नाम नहीं था। अब मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि जीवी प्रकाश फिल्म के नए संगीत निर्देशक हैं।
कहानी और अन्य विवरण
फिल्म की कहानी को फिलहाल काफी गोपनीय रखा गया है। इसकी कहानी और पटकथा प्राइम वीडियो की चर्चित सीरीज 'वदंधी' के निर्माता एंड्रयू लुईस ने लिखी है। जारी किए गए इलस्ट्रेटेड पोस्टर में नोटों की गड्डियां दिखाई गई हैं, जो एक रहस्यमयी दुनिया का संकेत देती हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी नीरव शाह ने की है और इसका संपादन सत्यराज नटराजन कर रहे हैं। 'टायलर डर्डन' और 'किनो फिस्ट' बैनर के तहत इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है।
इनपुट: IANS


